उत्तराखंड के इतिहास में नया रिकॉर्ड, राज्यपाल गुरमीत सिंह बने सबसे लंबे कार्यकाल वाले राज्यपाल

KhabarPahad-App
खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने प्रदेश के इतिहास में नया रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। वह अब उत्तराखंड में सबसे लंबे समय तक राज्यपाल के पद पर रहने वाले व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने पूर्व राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल का लगभग 19 वर्ष पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।

लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने 15 सितंबर 2021 को उत्तराखंड के आठवें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। उन्होंने अपने कार्यकाल के 1,755 दिन पूरे करने के बाद 1,756वें दिन में प्रवेश करते ही सबसे लंबे समय तक राज्यपाल रहने का नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया।

इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल के नाम था। उन्होंने 8 जनवरी 2003 से 28 अक्टूबर 2007 तक कुल 1,755 दिनों तक उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं।

राज्यपाल गुरमीत सिंह का सैन्य जीवन भी काफी गौरवपूर्ण रहा है। उन्होंने भारतीय सेना में लगभग 40 वर्षों तक विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम और वीएसएम जैसे प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान प्रदान किए गए। वह 31 जनवरी 2016 को भारतीय सेना के उप प्रमुख (Vice Chief of Army Staff) के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

यह भी पढ़ें 👉  चंपावत-(बड़ी खबर) धामी कैबिनेट की बैठक हुई खत्म, 24 महत्वपूर्ण निर्णय

पंजाब के अमृतसर जिले में जन्मे गुरमीत सिंह सैनिक परिवार से आते हैं। उनके पिता भारतीय सेना में जबकि बड़े भाई भारतीय वायु सेना में सेवाएं दे चुके हैं। अपने सैन्य करियर के दौरान उन्होंने चीन और पाकिस्तान से जुड़े कई महत्वपूर्ण रणनीतिक संवादों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, सियाचिन और पूर्वोत्तर भारत में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून :(बड़ी खबर) धामी कैबिनेट की बैठक में विस्तार से पढ़िए निर्णय, लालकुआं के लिए भी फैसला

राज्यपाल बनने के बाद उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, महिला सशक्तीकरण, उच्च शिक्षा, युवाओं के कौशल विकास और रिवर्स पलायन जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया है। उनके नाम दर्ज हुआ यह नया रिकॉर्ड उत्तराखंड के संवैधानिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTS
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

हमारे इस नंबर 7017926515 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें