चमोली: नीती घाटी में बादल फटने से तमक नाले पर बना वैली ब्रिज बहा, BRO ऑपरेटर लापता, VIDEO

KhabarPahad-App
खबर शेयर करें -

चमोली: नीती घाटी में बादल फटने से तमक नाले पर बना वैली ब्रिज बहा, BRO ऑपरेटर के लापता होने की सूचना

जिला मुख्यालय से नीती घाटी का संपर्क टूटा, आपदा टीमें मौके के लिए रवाना; नदी-नालों के किनारे न जाने की अपील

चमोली। भारत-चीन सीमा से सटी चमोली जिले की नीती घाटी में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तमक- गधेरे में बादल फटने के बाद तेज बारिश और उफनते पानी की चपेट में आने से BRO की ओर से निर्मित वैली ब्रिज बह गया। पुल के बहने से नीती घाटी की ओर आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है और क्षेत्र का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क बाधित हो गया है।
बताया जा रहा है कि तमक गधेरे में एक के बाद एक तीन बार बादल फटने की घटना हुई। इसके बाद नाले में अचानक पानी का प्रवाह बढ़ गया और तेज बहाव अपने साथ वैली ब्रिज को भी बहा ले गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बादल फटने और पुल के बहने का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा।
BRO का एक ऑपरेटर लापता होने की सूचना
घटना के बाद BRO के एक ऑपरेटर के लापता होने की सूचना सामने आई है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी : प्रभा ने जीता तीज क्वीन का खिताब, कुसुम ने मेहंदी में बाजी मारी

जोशीमठ के उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि उनकी BRO के मेजर से टेलीफोन पर बातचीत हुई है। मेजर की ओर से एक ऑपरेटर के लापता होने की जानकारी दी गई है।

एसडीएम के अनुसार, ऑपरेटर मशीन चला रहा था। अचानक आई तेज बारिश और पानी के बढ़े बहाव के बाद उसका पता नहीं चल पाया। आशंका है कि वह तेज पानी के बहाव में बह गया हो। हालांकि, इसकी वास्तविक स्थिति मौके पर आपदा टीमों के पहुंचने और खोजबीन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
आपदा टीमें मौके के लिए रवाना
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। प्रशासन, आपदा प्रबंधन टीम, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ समेत संबंधित विभागों की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति का जायजा लेने के साथ ही लापता ऑपरेटर की तलाश और प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड : इन इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी हुई जारी

नदी-नालों से दूर रहने की अपील
जिला प्रशासन ने नीती घाटी के ग्रामीणों और क्षेत्र में मौजूद लोगों से नदी-नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की है। लगातार बारिश और अचानक बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग की स्थिति स्पष्ट होने तक नीती घाटी की ओर आवाजाही से बचें। किसी भी तरह की जोखिम भरी यात्रा न करें और प्रशासन की ओर से जारी सूचना के बाद ही आगे बढ़ें।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: गिरफ्तारी नहीं हुई तो कोतवाली घेरेंगे! रुद्रपुर में वाल्मीकि समाज का प्रदर्शन हुआ उग्र

मौसम विभाग की चेतावनी के बीच हुआ हादसा
चमोली में पिछले कुछ समय से लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग की ओर से भी प्रदेश में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। इसी बीच नीती घाटी जैसे सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्र में बादल फटने की घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम की अनिश्चितता और आपदा के खतरे को सामने ला दिया है।
वैली ब्रिज के बह जाने से भारत-चीन सीमा की ओर जाने वाली नीती घाटी में आवाजाही पर तत्काल प्रभाव पड़ा है। अब प्रशासन और आपदा टीमें मौके पर स्थिति का आकलन कर रही हैं। मार्ग कब तक बहाल हो पाएगा, यह मौके की स्थिति और मौसम पर निर्भर करेगा।

ADVERTISEMENTSAd Ad
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

हमारे इस नंबर 7017926515 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें