उत्तराखंड पुलिस की बदल गई पहचान, सीएम धामी ने किया नए ध्वज और वर्दी का अनावरण

KhabarPahad-App
खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस को अब नई पहचान मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास के सभागार में पुलिस के नए ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 की भी शुरुआत की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। साथ ही उत्तराखंड पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नत हुईं शाहजहां जावेद खान और जगदीश चंद्र को प्रतीक चिह्न अलंकृत कर बधाई दी।

ADVERTISEMENTS

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के गौरव चिह्नों में बदलाव केवल वर्दी और प्रतीकों तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य पुलिस की गौरवशाली परंपरा, अनुशासन, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को और मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस का नया ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ है। यह कर्तव्य, सत्य और साहस का संदेश देता है। पुलिसकर्मियों को इन आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में अपनाना होगा। पुलिस की पहचान तभी मजबूत होगी….जब आम नागरिकों को उसके कामकाज में संवेदनशीलता, निष्पक्षता और तत्परता दिखाई देगी।

यह भी पढ़ें 👉  हाथी पर्वत में हेलीकॉप्टर हादसे के बाद रेस्क्यू तेज, सीएम धामी ने दिए युद्धस्तर पर बचाव के निर्देश

मुख्यमंत्री ने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि यदि कहीं भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत सामने आती है तो उसकी जानकारी हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दें। उन्होंने मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन को निर्देश दिए कि इस हेल्पलाइन की नियमित समीक्षा की जाए। शिकायत करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाए और नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों से भी कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनें और उनके काम तय समय में पूरे करें।

यह भी पढ़ें 👉  2027 चुनाव से पहले कालाढूंगी में भाजपा की सक्रियता बढ़ी, सुरेश भट्ट ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि 6 नवंबर को उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इस सम्मान से पुलिस बल को अलंकृत करेंगे। इस अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के जवान नई सेरेमोनियल वर्दी में परेड में शामिल होंगे।

उत्तराखंड पुलिस के नए प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, ‘सत्यमेव जयते’, स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय और नदी को शामिल किया गया है। ये प्रतीक राष्ट्रीय गौरव, सत्य, न्याय, उत्कृष्टता और उत्तराखंड की भौगोलिक पहचान को दर्शाते हैं।

पुलिस के पुराने तीन रंगों वाले क्षैतिज ध्वज की जगह अब गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि वाला नया ध्वज अपनाया गया है। इसके बीच में पुलिस का नया प्रतीक चिह्न होगा और किनारों पर लाल व स्वर्णिम रंग की पट्टियां होंगी।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की वर्दी पर लगने वाले फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया और क्रेस्ट को भी नए प्रतीक चिह्न के अनुरूप तैयार किया गया है। वहीं पारंपरिक खाकी वर्दी में बहुरंगी सेरेमोनियल सैश, अलंकरण और परेड से जुड़ी विशेष साज-सज्जा शामिल की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी मीडिया क्रिकेट टीम की जर्सी हुई लॉन्च, नए रंग के साथ होगी नए सीजन की शुरुआत

उत्तराखंड पुलिस के पुराने ध्वज का अनावरण 4 अप्रैल 2008 को किया गया था। बदलती सुरक्षा चुनौतियों और पुलिस की बढ़ती जिम्मेदारियों को देखते हुए अब नए गौरव चिह्न तैयार किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री ने 21 अक्टूबर 2026 को इनके नए स्वरूप को मंजूरी दी थी।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, महानिदेशक पी.वी.के. प्रसाद, महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन, सचिव दिलीप जावलकर, आर. राजेश कुमार, पंकज पांडेय और पुलिस महानिरीक्षक रिधिम अग्रवाल सहित शासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

हमारे इस नंबर 7017926515 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें