चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर दुर्घटना हुई। बदरीनाथ धाम से देहरादून के लिए रवाना हुआ हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास हादसे का शिकार हो गया। इस दुर्घटना में पायलट सहित छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पांच यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे….जबकि पायलट दिल्ली निवासी थे।
हादसे का स्थान जोशीमठ क्षेत्र के चाई गांव के पास हाथी पर्वत की पहाड़ी बताया गया है। ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान जोशीमठ घाटी के ऊपर हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। कुछ ही देर बाद इसके दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली।
प्रशासन को हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जानकारी भारतीय सेना की ओर से मिली। सेना ने हाथी पर्वत क्षेत्र के पास हेलीकॉप्टर से जुड़ी घटना की सूचना चमोली के जिलाधिकारी को दी। इसके बाद जिला प्रशासन ने पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमों को मौके पर भेजा।
यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि बदरीनाथ से देहरादून लौट रहे हेलीकॉप्टर के जोशीमठ क्षेत्र में मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी में दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई थी। हेलीकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्री सवार थे।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने हादसे में सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि की। मृतकों में पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48), निवासी दिल्ली शामिल हैं। उनके साथ यात्रा कर रहे पांच लोगों की पहचान प्रताप (41), अरुण सालुंके (44), वीबी शंकर गौड़ा (39), सुधीर के. (50) और एचएस नटराजा (51) के रूप में हुई है। ये सभी कर्नाटक के निवासी थे।
मिली जानकारी के मुताबिक अरुण सालुंके कर्नाटक में सीसीबी इंस्पेक्टर थे। वह अपने साथियों के साथ बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आए थे।
मुख्यमंत्री धामी ने हादसे पर जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
सीएम ने संबंधित अधिकारियों को हादसे के कारणों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला प्रशासन से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और जरूरी राहत व्यवस्था बनाए रखने को कहा है।
दुर्घटना के बाद ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर एहतियातन रोक लगा दी गई है। शुरुआती तकनीकी जानकारी में हेलीकॉप्टर के मालिक, चार्टर संचालन करने वाली एजेंसी, पायलट उपलब्ध कराने वाली कंपनी और रखरखाव करने वाली संस्था के नाम सामने आए हैं।
हेलीकॉप्टर के परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि अभी हादसे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें
हमारे इस नंबर 7017926515 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



चमोली हेलीकॉप्टर हादसे में छह लोगों की मौत, सीएम धामी ने जताया शोक और दिए जांच के आदेश
उत्तराखंड की 72 मेगावाट की त्यूणी-प्लासू जल विद्युत परियोजना को मिली मंजूरी
हाथी पर्वत में हेलीकॉप्टर हादसे के बाद रेस्क्यू तेज, सीएम धामी ने दिए युद्धस्तर पर बचाव के निर्देश
2027 चुनाव से पहले कालाढूंगी में भाजपा की सक्रियता बढ़ी, सुरेश भट्ट ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
मुश्किल वक्त में मिले समर्थन पर भावुक हुईं रेखा आर्या, जनता से किया ये वादा
देहरादून आ रहा हेलीकॉप्टर पहाड़ों में लापता, जोशीमठ के पास क्रैश की सूचना
उत्तराखंड: उरी सेक्टर में चमोली का वीर सपूत शहीद,
देहरादून :(बड़ी खबर) बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश
उत्तराखंड: 8 महीने पहली ही हुई थी शादी, परिजनों पर टूटा दु:खों का पहाड़ 
