उत्तराखंड में दो मेडिकल स्टोरों पर छापा, 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद

KhabarPahad-App
खबर शेयर करें -

Rudrapur News: उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऊधमसिंहनगर के खड़गपुर देवीपुरा में कुमाऊं एसओटीएफ, आईटीआई थाना पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने दो मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। जांच के दौरान दोनों दुकानों से ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम की कुल 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं।

यह कार्रवाई 30 अक्टूबर 2026 की देर शाम मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने एक मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं दूसरे मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने और दुकान को सील करने की कार्रवाई की गई है।

संयुक्त टीम ने खड़गपुर देवीपुरा के वार्ड नंबर-09 स्थित कृष्णा मेडिकल स्टोर की जांच की। यह मेडिकल स्टोर रोहित कुमार पुत्र नन्हें सिंह (30 वर्ष) का है। वह मूल रूप से ग्राम मऊ, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद का निवासी है और वर्तमान में ग्राम गिन्नी खेड़ा, थाना आईटीआई क्षेत्र में रह रहा है।

जांच के दौरान दुकान से ट्रामाडोल की 2,344 और अल्प्राजोलम की 600 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं। इस मामले में रोहित कुमार के खिलाफ थाना आईटीआई में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड पुलिस की बदल गई पहचान, सीएम धामी ने किया नए ध्वज और वर्दी का अनावरण

इसके बाद टीम ने इसी क्षेत्र के वार्ड नंबर-09 स्थित राधिका मेडिकल स्टोर की जांच की। यह मेडिकल स्टोर घनश्याम सिंह पुत्र जीवाराम (35 वर्ष) का है….जो जसपुर क्षेत्र का निवासी है।

यहां से ट्रामाडोल की 124 और अल्प्राजोलम की 139 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की। वहीं तहसीलदार ने मौके पर दुकान को सील कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई में कुल 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट मिली हैं। इनमें ट्रामाडोल की 2,468 और अल्प्राजोलम की 739 टैबलेट शामिल हैं।

यह संयुक्त कार्रवाई कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में की गई। टीम में एसओटीएफ कुमाऊं की टीम, आईटीआई थाने के उपनिरीक्षक बसंत पंत, कांस्टेबल धर्मेन्द्र भारती और औषधि निरीक्षक नीरज कुमार अपनी टीम के साथ शामिल रहे।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में कांग्रेस ने सरदार पटेल और इंदिरा गांधी को किया याद, सुमित हृदयेश ने दी श्रद्धांजलि

आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती ने कहा कि प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ अभियान के तहत की गई है। पुलिस और संबंधित विभागों ने नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए संयुक्त अभियान जारी रखने की बात कही है।

ADVERTISEMENTSAd
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

हमारे इस नंबर 7017926515 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें