सीएम धामी ने श्रीनगर को दी 9.13 करोड़ की सौगात, सिटी बस सेवा भी शुरू

KhabarPahad-App
खबर शेयर करें -

Srinagar News : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर पहुंचे। यहां श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम में उनका जोरदार स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सड़कों पर पहुंचे। इस दौरान सीएम धामी ने श्रीनगर को 9.13 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कुल 9 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब नौ साल बाद शुरू हुई श्रीनगर की सिटी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही शहर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। सिटी बस में सभी पार्षद सवार थे। इस सेवा के शुरू होने से शहर के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की। इस दौरान समूह की महिलाओं को 2 लाख 1 हजार 530 रुपये का चेक दिया गया। इसके अलावा 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट भी प्रदान की गई।

सीएम धामी ने नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क और नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क तथा पार्कों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से श्रीनगर में बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड पुलिस की बदल गई पहचान, सीएम धामी ने किया नए ध्वज और वर्दी का अनावरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन और समृद्धि के लक्ष्य के साथ लगातार काम कर रही है। पौड़ी जिले में भी कई विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। चारधाम यात्रा में बढ़ोतरी का लाभ स्थानीय लोगों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सड़क और रेल कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। चारधाम को ऑल वेदर रोड से जोड़ा गया है और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस रेल परियोजना में श्रीनगर में भी स्टेशन बनाया जा रहा है…जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

श्रीनगर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला। कॉलेज गेट के पास विद्यार्थियों को देखकर सीएम धामी अपने वाहन से उतर गए और उनके बीच पहुंचकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी उत्साहित नजर आए।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी मीडिया क्रिकेट टीम की जर्सी हुई लॉन्च, नए रंग के साथ होगी नए सीजन की शुरुआत

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी थी। उनका जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

हमारे इस नंबर 7017926515 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें