राष्ट्रीय शूटिंग चैम्पियनशिप में चमके उत्तराखंड के युवा पिस्टल शूटर कल्पेश उपाध्याय

KhabarPahad-App
खबर शेयर करें -

बागेश्वर : उत्तराखंड के 15 वर्षीय उभरते पिस्टल शूटर कल्पेश उपाध्याय ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। दिल्ली में 11 दिसंबर से आयोजित 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैम्पियनशिप के अंतिम दिन कल्पेश ने दमदार खेल दिखाया।

कल्पेश उपाध्याय ने 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में 600 में से 558 अंक अर्जित कर राष्ट्रीय शूटिंग टीम के ट्रायल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। यह उनके अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में से एक माना जा रहा है। नेशनल राइफल एसोसिएशन की इस प्रतियोगिता में तय न्यूनतम अंक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी ही भारतीय टीम के लिए होने वाले ट्रायल में भाग ले सकते हैं….और वर्षभर में ऐसे 12 ट्रायल आयोजित होते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून में ड्यूटी के दौरान हादसा, तेज रफ्तार BMW की टक्कर से उपनिरीक्षक गंभीर घायल

इससे पहले पिछले सप्ताह ही कल्पेश ने 25 मीटर .22 पिस्टल शूटिंग में 600 में से 534 अंक हासिल कर नेशनल क्वालिफाई किया था। लगातार एक सप्ताह के भीतर दो अलग-अलग स्पर्धाओं में राष्ट्रीय स्तर पर क्वालिफाई करना न केवल कल्पेश के लिए, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है।

यूथ कैटेगरी में नेशनल क्वालिफाई करने के लिए 600 में से 515 अंक जरूरी होते हैं, जबकि कल्पेश ने इससे कहीं बेहतर प्रदर्शन करते हुए 534 अंक प्राप्त किए। पिछले वर्ष भी कल्पेश ने 10 मीटर पिस्टल शूटिंग में नेशनल क्वालिफाई किया था, हालांकि वह कुछ अंकों से राष्ट्रीय टीम के ट्रायल से चूक गए थे। इस बार उन्होंने उस कमी को शानदार तरीके से पूरा किया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: यहां मेला देख कर लौट रही महिला से रेप

बागेश्वर निवासी कल्पेश उपाध्याय, उत्तराखंड सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय के पुत्र हैं। कल्पेश मात्र 9 वर्ष की आयु से ही पिस्टल शूटिंग का अभ्यास कर रहे हैं। वर्तमान में वह होम स्कूलिंग के साथ पूर्णकालिक रूप से शूटिंग अभ्यास कर रहे हैं और उनका लक्ष्य ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी : (बधाई) शहर की बेबी मेहर कौर ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

कल्पेश की प्रतिभा को देखते हुए उनके पिता ने देहरादून स्थित अपने आवास पर विश्व स्तरीय शूटिंग रेंज स्थापित की है। यहां भारतीय खिलाड़ी एवं पूर्व बीएसएफ कोच अभिषेक दास के मार्गदर्शन में कल्पेश प्रतिदिन 12 से 15 घंटे कड़ा अभ्यास कर रहे हैं।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने कल्पेश उपाध्याय को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में कल्पेश उपाध्याय ओलंपिक में खेलकर बागेश्वर, उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करेंगे।

Ad
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

हमारे इस नंबर 7017926515 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें