Uttarakhand: दो मंजिला मकान आग में जलकर खाक, बेटी की शादी के गहने भी राख

KhabarPahad-App
खबर शेयर करें -

दिवाली पर उजड़ गया परिवार: पिथौरागढ़ में दो मंजिला मकान आग में जलकर खाक, बेटी की शादी के गहने भी राख में बदले

थल (पिथौरागढ़): दीपावली की रात जहां पूरे प्रदेश में खुशियों की रोशनी बिखरी हुई थी, वहीं पिथौरागढ़ जिले के थल तहसील के बल्याऊं गांव में एक परिवार के लिए यह रात कहर बनकर टूटी। यहां हयात सिंह मेहरा का दो मंजिला पुश्तैनी मकान भीषण आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में बेटी की शादी के लिए तैयार किए गए सोने-चांदी के गहने, नकदी और जरूरी सामान सहित करीब 65 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

🔸 पूजा करने गए थे, लौटे तो जल रहा था घर

जानकारी के अनुसार, हयात सिंह मेहरा मंगलवार रात दिवाली पूजा के लिए अपने दूसरे मकान में गए थे, जो आग लगने वाले मकान से करीब सौ मीटर दूर स्थित है। इसी दौरान उनके रहने वाले दो मंजिला मकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, आग इतनी भीषण हो चुकी थी कि किसी का कुछ करना मुश्किल हो गया। ग्रामीणों ने किसी तरह गोठ में बंधे मवेशियों को बाहर निकालकर उनकी जान बचाई।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में कानून व्यवस्था को लेकर DM सख्त, गुंडा एक्ट में 165 मामलों का निस्तारण

🔸 घर का सारा सामान जलकर खाक

आगजनी में मकान के भीतर रखे छह बोरे धान, सात बोरे गेहूं, टीवी, पंखा, चक्की, बिस्तर, कपड़े, बर्तन, 90 हजार रुपये नकद, और बेटी की शादी के लिए तैयार किए गए पांच तोला सोने व 10 तोला चांदी के गहने सब कुछ जलकर खाक हो गया। परिवार ने वर्षों की मेहनत से जो कुछ जोड़ा था, वह सब एक रात में राख बन गया।

🔸 बेटी की शादी की खुशियां बदलीं मायूसी में

हयात सिंह की बेटी रेनू मेहरा की शादी नवंबर में तय थी। माता-पिता ने बड़ी मेहनत से गहने बनवाए थे और विवाह की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियां मातम में बदल दीं। परिवार अब इस सोच में डूबा है कि बेटी का विवाह कैसे संपन्न होगा।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में ‘Selfie With Jute Bags’ अभियान, नंदा देवी महोत्सव में लोगों ने दिया प्लास्टिक छोड़ने का संदेश

🔸 शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना

घटना की जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग की टीम बुधवार को गांव पहुंची। राजस्व उपनिरीक्षक सुमन भंडारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई गई है। नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।

ADVERTISEMENTSAd AdAd Ad
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

हमारे इस नंबर 7017926515 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें