रामनगर नगर पालिका में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, कमिश्नर दीपक रावत ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

KhabarPahad-App
खबर शेयर करें -

रामनगर। कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत ने रामनगर नगर पालिका परिषद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, सरकारी सामान के रिकॉर्ड, अतिक्रमण और पशु बाजार की व्यवस्थाओं को लेकर कई कमियां सामने आईं। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सुधार और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका कार्यालय के सामने फुटपाथ पर बिना सत्यापन और अनुमति के दुकान संचालित होने की स्थिति मिली। फुटपाथ पर अतिक्रमण को लेकर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त रखने के निर्देश दिए।

ADVERTISEMENTS

रोड क्लीनिंग मशीन भी बंद मिली। मंडलायुक्त ने सफाई में इस्तेमाल होने वाली मशीनों और अन्य संसाधनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के साथ उनकी निगरानी के निर्देश दिए।

कूड़ा निस्तारण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने कचरे की माप-तौल में पारदर्शिता के लिए कांटे पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा। निरीक्षण में अगस्त महीने में प्लास्टिक और अन्य मूल्यवान कचरे से संबंधित रसीदें ठेकेदार और पालिका कर्मचारियों की ओर से प्रस्तुत नहीं की जा सकीं। इस पर संबंधित रिकॉर्ड की जांच कराने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर, कालाढूंगी, कोटाबाग और बैलपड़ाव के इलाकों में 14 अक्टूबर तक रहेगी बिजली कटौती

मंडलायुक्त ने कहा कि ठेकेदार की ओर से कूड़ा निस्तारण को लेकर दी जा रही जानकारी का सत्यापन किया जाए। साथ ही यह भी रिकॉर्ड में रखा जाए कि कूड़ा और अन्य सामग्री ट्रीटमेंट के लिए कहां भेजी जा रही है।

सफाई कर्मियों के लिए उचित व्यवस्था नहीं मिलने पर भी मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर लेबर इंस्पेक्टर को बुलाकर सफाई ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई कर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुसार जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

बायोमेट्रिक उपस्थिति को लेकर भी मंडलायुक्त ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक सफाई कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित नहीं होती…तब तक अधिशासी अधिकारी का वेतन रोका जाए। इस संबंध में उन्होंने उप जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

स्टोर में रिकॉर्ड नहीं दिखा पाया कर्मचारी

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: रामनगर नगर पालिका के कामकाज पर उठे सवाल, डीएम ने जांच के लिए बनाई समिति

नगर पालिका के स्टोर का निरीक्षण करते समय मंडलायुक्त ने विभिन्न सामानों के वितरण से संबंधित रिकॉर्ड मांगा। स्टोर कीपर इन सामानों के वितरण का रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और स्टॉक व वितरण से जुड़े सभी अभिलेखों की जांच कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकारी सामान के स्टॉक, वितरण और इस्तेमाल का पूरा विवरण रिकॉर्ड में दर्ज होना चाहिए। रिकॉर्ड में किसी तरह की कमी मिलने पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए।

पशु बाजार में भी मिलीं कई कमियां

मंडलायुक्त ने रामनगर के पशु बाजार का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पिकअप वाहन संख्या UK-19-CA-1719 में निर्धारित मानकों के विपरीत एक के बजाय तीन पशुओं को ले जाने का मामला सामने आया। निरीक्षण में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण नहीं कराया जाना और आवश्यक अनुमति के बिना परिवहन किए जाने की स्थिति भी सामने आई।

मंडलायुक्त ने प्रभारी अधिशासी अधिकारी को संबंधित प्रावधानों और Animal Cruelty Act के तहत नियमानुसार मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड : दमुवाढूंगा की बेटी श्रेया टम्टा का UKPCS में चयन, डिप्टी जेलर पद हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान

पशु बाजार के ठेकेदार गिरीश चंद्र पंत की ओर से खरीद-फरोख्त का रजिस्टर भी प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा बाजार में काम करने वाले कर्मचारियों के नाम और संपर्क नंबर भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इन स्थितियों को देखते हुए मंडलायुक्त ने नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने पशु बाजार की व्यवस्थाओं में सुधार होने तक 19 सितंबर से बाजार बंद रखने के निर्देश दिए। साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, परिवहन, खरीद-फरोख्त के रिकॉर्ड और अन्य निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश

मंडलायुक्त दीपक रावत ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने निरीक्षण में सामने आई विभिन्न अनियमितताओं की विस्तृत जांच कराने के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, कर एवं राजस्व अधीक्षक समेत नगर पालिका के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

हमारे इस नंबर 7017926515 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें