युवाओं के लिए क्या है सरकार का प्लान? नितिन नवीन और धामी ने हल्द्वानी में दिया जवाब

KhabarPahad-App
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से बातचीत की। कार्यक्रम में करियर, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में युवाओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से प्रदेश और देश के विकास से जुड़े सवाल पूछे। युवाओं ने सरकार की विभिन्न योजनाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए और रोजगार, स्वरोजगार तथा प्रदेश में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने को लेकर सुझाव भी रखे।

ADVERTISEMENTSAd

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को नई दिशा देने और उनके लिए नए अवसर तैयार करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि आज युवा केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसर पैदा करने वाला भी बन रहा है। बदलती अर्थव्यवस्था और तकनीक के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, नवाचार, डिजिटल तकनीक और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए नई संभावनाएं बन रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून :(Good News) पहाड़ के इन इलाकों के लिए कल से मिलेगी हिमगिरि बस सेवा

नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रतिभा और क्षमता से भरपूर हैं। उनकी ऊर्जा को प्रदेश के विकास से जोड़कर राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने युवाओं से भविष्य की चुनौतियों को अवसरों में बदलने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। नितिन नवीन ने सोशल मीडिया के सकारात्मक इस्तेमाल पर भी जोर दिया। उन्होंने युवाओं से राजनीति और सार्वजनिक जीवन में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता के लिए समय का सही प्रबंधन जरूरी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। भारत की युवा आबादी देश को नई ऊर्जा और नई सोच दे रही है। तकनीक और नवाचार के बढ़ते इस्तेमाल से युवाओं के सामने नए अवसर भी खुल रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: छात्रसंघ चुनाव का बिगुल बजा कुमाऊँ विश्वविद्यालय ने जारी की तारीख

सीएम धामी ने कहा कि 4 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद सरकार ने इस संकल्प के साथ काम किया कि पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी उत्तराखंड के काम आए। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया है और अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। नकल माफिया के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया, ताकि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।

उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित रखने के बजाय स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने पर भी सरकार का ध्यान है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना जैसी योजनाओं के जरिए युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।

सीएम धामी ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भी उत्तराखंड अपनी पहचान बना रहा है। प्रदेश में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिलाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में काम आगे बढ़ाया गया है। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक जीते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी:(बड़ी खबर) बनभूलपुरा मामले में सुप्रीम कोर्ट में इस तारीख को होगी अब सुनवाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन, स्थानीय उत्पाद, विज्ञान, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और नई तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए सरकार की ओर से निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और सामर्थ्य ही विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd AdAd Ad
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

हमारे इस नंबर 7017926515 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें