हल्द्वानी डकैती कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
हथियारों के बल पर लाखों की डकैती में शामिल थे नकाबपोश बदमाश, पिस्टल-तमंचा, आठ जिंदा कारतूस और 66 हजार रुपये बरामद
हल्द्वानी। गोरापड़ाव में 19 अगस्त को हथियारों के बल पर हुई लाखों रुपये की डकैती का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में गठित करीब 50 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष टीम ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 66 हजार रुपये की लूटी गई धनराशि, एक तमंचा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 19 अगस्त की शाम डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में अम्बा बिहार, तीनपानी निवासी नारायण दास की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर के मुताबिक बदमाशों ने हथियारों के बल पर करीब आठ लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और सोने की तीन चेन व अंगूठी लूट ली थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल करीब 50 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद सहित थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस और डॉग स्क्वायड को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। पूछताछ और सुरागरसी के आधार पर वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू निवासी सितारगंज और रखवीर सिंह निवासी बरेली को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने डकैती की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि किच्छा निवासी यश सिडाना ने उन्हें गोरापड़ाव में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की जानकारी दी थी। यश कथित तौर पर लाखों रुपये जुए में हार चुका था और आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर डकैती की योजना बनाई। लूटी गई रकम से जुए में हारी रकम की भरपाई करने और बाकी रकम आपस में बांटने की योजना थी।
इसके बाद आरोपियों ने अन्य लोगों को भी योजना में शामिल किया और घटना से पहले कार्यालय की रेकी की। वारदात के दौरान नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर कार्यालय में मौजूद लोगों को धमकाकर नकदी, मोबाइल और सोने के आभूषण लूट लिए। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने लूटे गए मोबाइल फोन रास्ते में ही फेंक दिए, ताकि डिजिटल साक्ष्य न मिल सकें।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू के कब्जे से 31 हजार रुपये और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं रखवीर सिंह से 35 हजार रुपये, एक 315 बोर का तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 61(2) और 317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी रखवीर सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ केलाखेड़ा, दिनेशपुर, रुद्रपुर और नानकमत्ता थानों में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं वंशप्रीत सिंह का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि घटना में संगठित तरीके से अपराध किए जाने के तथ्य सामने आने पर बीएनएस के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीमों की कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल ने टीम को 2,500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।



अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें
हमारे इस नंबर 7017926515 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



हल्द्वानी : संदिग्ध जाति प्रमाण पत्र पर कार्रवाई, होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी का प्रमाण पत्र निरस्त
हल्द्वानी: धन्ना सेठ जुवारियों हुवे डकैती कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 66 हजार मिले
केंद्र से हरी झंडी मिलते ही शुरू होंगे बड़े काम, उत्तराखंड में 400 सड़कों की स्वीकृति बाकी
उत्तराखंड में पलायन रोकने की बड़ी तैयारी, CM धामी ने अधिकारियों को दिया ये खास टारगेट
उत्तराखंड: 109 गांव रेड ज़ोन में, फेंसिंग और सोलर लाइट से होगी घेराबंदी :डीएम
उत्तराखंड: रात में प्रेमी के साथ गई युवती की सड़क किनारे मिली लाश, हत्या की आशंका, काशीपुर का मामला
उत्तराखंड: DM रयाल का सख्त एक्शन, छह अपराधियों पर जिला बदर की कार्रवाई
उत्तराखंड : इस महीने आएंगे राहुल, प्रियंका व खरगे, कांग्रेस जुटी
लालकुआं-बंगलुरु विशेष रेलगाड़ी को मिला नियमित दर्जा, किराए में कमी की उम्मीद 
