पीएम मोदी के 25 साल के सेवाकाल पर सीएम धामी ने जताया आभार, उत्तराखंड में 2.25 लाख करोड़ के काम जारी

KhabarPahad-App
खबर शेयर करें -

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश की सेवा की है। उनके नेतृत्व में उत्तराखंड में करीब 2.25 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

हरिद्वार में कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में काम किया है। कैबिनेट बैठक से पहले मां गंगा का पूजन कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना भी की गई।

ADVERTISEMENTSAd

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की जनधन, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी पहल की गई हैं। युवाओं के लिए स्टार्टअप और कौशल विकास पर भी जोर दिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून :(बड़ी खबर) इस विभाग में बड़े स्तर पर भर्ती की तैयारी

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर

धामी ने कहा कि वन रैंक, वन पेंशन योजना से सैनिकों को लाभ मिला है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों के जरिए भारत ने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भारत अब रक्षा उपकरणों के निर्माण और निर्यात के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है।

चारधाम यात्रा और पर्यटन को मिली गति

मुख्यमंत्री के मुताबिक, ऑल वेदर रोड सहित सड़क, रेल और हवाई संपर्क से जुड़ी परियोजनाओं से उत्तराखंड में कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 58 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों के पहुंचने की बात भी उन्होंने कही।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: निजी स्कूलों में विकास शुल्क पर शासन सख्त, कार्रवाई के निर्देश

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के आदि कैलाश दौरे से क्षेत्र में तीर्थाटन को बढ़ावा मिला है। हर्षिल में शीतकालीन यात्रा और माणा जैसे सीमांत गांवों को देश के प्रथम गांव के रूप में पहचान दिलाने की पहल से पर्यटन की संभावनाएं बढ़ी हैं।

आपदा के समय केंद्र से मिला सहयोग

धामी ने कहा कि सिलक्यारा सुरंग हादसे, धराली आपदा और सहस्रताल ट्रैक पर फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के दौरान केंद्र सरकार ने राज्य को सहयोग दिया। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर करीब ढाई घंटे होने की बात भी उन्होंने कही। भविष्य में हरिद्वार को भी इससे जोड़ने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ और केदारनाथ पुनर्विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे के साथ सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं पर भी काम आगे बढ़ रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में 13 अक्टूबर से बिजली कटौती का शेड्यूल जारी

उत्तराखंड में 2.25 लाख करोड़ की परियोजनाओं पर काम

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में करीब 2.25 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं चल रही हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन का निर्माण जारी है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से 45 से अधिक विमान सेवाएं संचालित हो रही हैं और पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की दिशा में काम चल रहा है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर को शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री 28 से अधिक बार उत्तराखंड आ चुके हैं। विदेश दौरों के दौरान उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और संस्कृति को बढ़ावा देने में भी उन्होंने योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने राज्य की जनता और मंत्रिमंडल की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

ADVERTISEMENTS
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

हमारे इस नंबर 7017926515 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें