देहरादून : देहरादून में वन्यजीव सप्ताह-2026 की शुरुआत हो गई है। एफआरआई कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ किया। इस दौरान मानव-वन्यजीव संघर्ष के बीच साहस दिखाने और दूसरे लोगों की जान बचाने वाले 18 लोगों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने सम्मानित किए गए सभी 18 लोगों को 51-51 हजार रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में वन्यजीव फोटोग्राफी पर आधारित फोटो प्रदर्शनी और विभिन्न स्टॉल लगाए गए थे। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और वन्यजीव विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी प्राकृतिक संपदा और जैव विविधता से जुड़ी है। हिमालय, जंगल, नदियां और झीलें राज्य की बड़ी प्राकृतिक पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि वन्यजीव हमारी संस्कृति और परंपरा का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं…ऐसे में प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण के साथ विकास के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है।
सीएम ने अधिकारियों को हर जिले में कम से कम एक नए पर्यटन स्थल की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन स्थानों की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखते हुए पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी में प्रस्तावित चिड़ियाघर की योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण शिक्षा और पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए कई स्तरों पर काम कर रही है। जंगलों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के साथ कॉर्बेट और राजाजी टाइगर रिजर्व में स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स के गठन की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों के पुनर्स्थापन की परियोजना का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। इसके अलावा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्नो लेपर्ड टूरिज्म की संभावनाओं पर भी काम करने की बात कही गई। इससे वन्यजीव संरक्षण के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण में स्थानीय लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है। सरकार इको-टूरिज्म को बढ़ावा देकर जंगलों के आसपास रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में एक लाख युवाओं को ‘सीएम यंग ईको-प्रिन्योर’ बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इसके तहत नेचर गाइड, ड्रोन पायलट, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर और इको-टूरिज्म से जुड़े कौशल को रोजगार और उद्यम से जोड़ने की योजना है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को वन्यजीवों और प्रकृति से जोड़ने के लिए जिलों में इको क्लब के माध्यम से शैक्षिक यात्राएं शुरू की गई हैं। सरकार का जोर इकोलॉजी और इकोनॉमी के बीच संतुलन बनाकर विकास को आगे बढ़ाने पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये की गई है। वन्यजीव हमले में घायल होने वाले लोगों के इलाज का खर्च भी राज्य सरकार की ओर से वहन किया जा रहा है।
उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि जंगल सफारी, राष्ट्रीय उद्यान या धार्मिक स्थलों की यात्रा के दौरान प्लास्टिक और कूड़ा न फैलाएं और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था और लोगों की आजीविका में जंगल और वन्यजीवों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। इस वर्ष की थीम ‘जुड़े आवास – वन्य जीवन का विकास’ रखी गई है। मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए वन्यजीव कॉरिडोर विकसित करने का काम भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, राजीव तलवार, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल, प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक नीना गैरवाल समेत वन विभाग के अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें
हमारे इस नंबर 7017926515 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



हल्द्वानी : 191 देशों का भ्रमण कर करीब दो लाख किलोमीटर की ऐतिहासिक यात्रा कर हल्द्वानी पहुंचे साइकिलिस्ट सोमेन देवनाथ
हल्द्वानी: कर्तव्यपथ का साथी हुआ विदा, आरक्षी प्रकाश नैनवाल को नैनीताल पुलिस ने दी अंतिम विदाई
CM धामी ने वन्यजीव सप्ताह का किया शुभारंभ, 18 लोगों को मिलेंगे 51-51 हजार रुपये
बुजुर्गों के लिए CM धामी का बड़ा तोहफा, एक क्लिक में खातों में पहुंची 147 करोड़ की पेंशन
हल्द्वानी :(बड़ी खबर) शोएब अहमद बने BJP सरकार में दायित्वधारी
हल्दूचौड़ में दर्दनाक सड़क हादसा डंपर की चपेट में आये पिता-पुत्री, बेटी की मौत
उत्तराखंड: फर्जी आधार और मृत्यु प्रमाण पत्र से जमीन हड़पने की कोशिश? शिकायत पर आयुक्त दीपक रावत सख्त, जांच के दिये आदेश
उत्तराखंड: सरकारी योजना से मिला 10 लाख का सहारा, पहाड़ में शुरू किया काम; अब हर महीने हो रही 60-70 हजार की कमाई
हल्द्वानी : इन इलाकों में 5 अक्टूबर तक रहेगी बिजली गुल
उत्तराखंड में अर्द्धवार्षिक गृह परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग के निर्देश, 27 अक्टूबर से परीक्षाएं 
