हादसे में छात्रा की मौत, चौकी के सामने शव रखकर हंगामा
हल्द्वानी। बरेली रोड पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से ऑटो रिक्शा पलट गया। रिक्शे में सवार तीनपानी डी ब्लॉक निवासी मीनाक्षी साहू (22) गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद अज्ञात व्यक्ति ने मीनाक्षी को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बृहस्पतिवार को पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए बरेली रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब आधा घंटे तक जमकर हंगामा चला। सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन शव लेकर गए।

तीनपानी डी-ब्लॉक निवासी संतोष कुमार साहू ने बताया कि उनकी बेटी बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा थी। पढ़ाई के साथ-साथ वह मंगलपड़ाव स्थित एक पार्लर से ब्यूटीशियन का कोर्स कर रही थी। बुधवार रात वह ऑटो रिक्शा से पार्लर से घर लौट रही थी। बरेली रोड पर नागपाल टावर के पास ऑटो में पीछे से आई अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद चालक मय कार मौके से भाग गया।
रिक्शा पलटने पर मीनाक्षी सड़क पर गिरी और पीछे से आ रहे दूसरे ऑटो के नीचे दब गई। हालांकि चालक ने ब्रेक लगाए लेकिन तब तक मीनाक्षी गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। पुलिस के जरिए परिवार वालों को हादसे की जानकारी हुई। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 1:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बृहस्पतिवार दोपहर मंडी चौकी के सामने सड़क पर छात्रा का शव रखकर जाम लगाते परिजन व अन्य नहीं हुई कार्रवाई, चौकी के सामने रखा शव : परिजनों का आरोप है कि उन्होंने बुधवार देर रात करीब एक बजे ही मंडी चौकी में तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। सुबह के समय सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकलवाई गई। इसके बावजूद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। आक्रोशित लोगों ने मंडी चौकी के सामने ही शव हाईवे पर रख दिया और जमकर हंगामा किया।
पुलिस और परिजनों के बीच कहासुनी शुरुआत में चौकी पुलिस ने परिवार वालों को समझाने का प्रयास किया लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। भीड़ बढ़ती चली गई। परिजनों ने पुलिस पर मामले की अनदेखी करने और प्राथमिकी दर्ज न करने के आरोप लगाए। इस दौरान कोतवाल विजय मेहता भी मौके पर पहुंचे तो पुलिस और परिजनों के बीच तीखी बहसबाजी और कहासुनी हुई। कुछ ही देर में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ सिटी अमित कुमार सैनी भी पहुंचे। काफी देर तक समझाने के बाद परिजनों ने हाईवे से शव हटाया और अंतिम संस्कार के लिए लेकर गए।
राखी पर भाई की कलाई सूनी… मीनाक्षी के परिवार में उनके माता-पिता, भाई और एक छोटी बहन हैं। पार्लर से लौटते समय भाई शुभम प्रत्येक दिन बहन को तीनपानी पर लेने आता था और घर जाता था। बुधवार रात भी शुभम बहन का इंतजार कर रहा था। उसे क्या पता था कि कुछ देर में उसे बहन के दुनिया से अलविदा कहने की खबर मिलेगी।
गड्ढे में रिक्शा पलटने की बात भी आई सामने… बुधवार रात जो तहरीर मीनाक्षी के पिता संतोष कुमार साहू ने पुलिस चौकी में दी उसमें उन्होंने लिखा कि ऑटो में कार ने टक्कर मारी थी। इसकी वजह से वह हादसा हुआ और बेटी की मौत हो गई। वहीं बृहस्पतिवार को हंगामे के दौरान एक अन्य तथ्य भी सामने आया। लोगों ने बताया कि ऑटो रिक्शा गड्ढे की वजह से पलटा था और हादसा हो गया।
पूरे घटनाक्रम के साथ दोबारा तहरीर परिजन की तरफ से मांगी गई है। जल्द ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। भीड़ को समझाकर हाईवे से हटाया गया और जाम खुलवाते हुए यातायात सुचारु करा दिया गया था। डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम


अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें
हमारे इस नंबर 7017926515 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



हल्द्वानी: कार पर नीली बत्ती, ‘भारत सरकार’ का बोर्ड और हाथ में एयरगन…पुलिस ने खोला पूरा फर्जीवाड़ा
नैनीताल: जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, आज होगी शोक सभा
उत्तराखंड: बिंदुखत्ता आंदोलन पर विधायक की टिप्पणी से भड़के ग्रामीण, 27 सितंबर की रैली का ऐलान
उत्तराखंड: हिंदी दिवस पर प्रदेशवासियों को CM धामी की शुभकामनाएं, कही ये बात
चारधाम यात्रा ने तोड़े पुराने रिकॉर्ड, गंगोत्री में पहली बार 7.84 लाख श्रद्धालु
उत्तराखंड: अयोध्या में दिखेगी देवभूमि की झलक, रुद्रपुर में युवाओं के लिए बनेगा बड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
उत्तराखंड: ‘मेरा पहाड़, मेरा रोजगार’, छात्रों की बात सुनकर CM धामी ने दिया बड़ा संदेश
उत्तराखंड : अग्निवीर भर्ती का शेड्यूल जारी, जानिए किस जिले के युवाओं की कब होगी भर्ती
बच्चों का भविष्य संवारने दिल्ली गई कविता, संदिग्ध मौत की खबर से अल्मोड़ा में मचा कोहराम 
